आजमगढ़ः देवगांव में दूल्हे की हत्या के बाद विवाहिता को गोली से उड़ाया, पति पर आरोप

आजमगढ़ः देवगांव में दूल्हे की हत्या के बाद विवाहिता को गोली से उड़ाया, पति पर आरोप


आजमगढ़ में देवगांव कोतवाली क्षेत्र में तीन दिनों में दूसरी सनसनीखेज वारदात को अंजाम दे दिया गया। यहां दूल्हे की गोली मारकर हत्या के बाद एक विवाहिता की गोली मारकर जान ले ली गई। देवगांव के कैथीशंकरपुर गांव में गुरुवार की शाम वारदात हुई। घर के बरामदे में बैठी 28 वर्षीया विवाहिता को गोली से उड़ा दिया गया। पुलिस के अनुसार पति ने ही वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस अधीक्षक त्रिवेणी सिंह भी मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल की।


देवगांव कोतवाली के कैथीशंकरपुर गांव की रमाकांत सिंह के बेटे दीपक सिंह की पत्नी प्रज्ञा सिंह गुरुवार की शाम घर के बरामदे में बैठी थी। इस बीच लगभग सवा छह बजे उनकी गोली मारकर हत्या कर दी गई। गोली चलने की आवाज सुनकर ग्रामीण दौड़ पड़े। मौके पर पहुंचे तो प्रज्ञा खून से लथपथ पड़ी थीं। उसके मुंह में गोली मारी गई थी।


विवाहिता की गोली मार कर हत्या की खबर मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। देवगांव कोतवाली प्रभारी निरीक्षक के साथ ही क्षेत्राधिकारी, एसपी सिटी पंकज पांडेय मौके पर पहुंचे।विवाहिता के पिता सहित मायके के अन्य लोग भी पहुंच गए। विवाहिता की दो साल पहले शादी हुई थी।


पुलिस अधीक्षक त्रिवेणी सिंह ने बताया कि पति ने ही गोली मारकर हत्या की है। मौके पर आए विवाहिता के पिता ने बताया कि दामाद ने हत्या कर उसे फोन कर बताया कि तुम्हारी बेटी को गोली मार दी है। पति पत्नी में दहेज को लेकर अक्सर विवाद होता रहता था। गुरुवार की शाम भी दोनों में विवाद हुआ। विवाद के बाद महिला बाहर बरामदे में आकर बैठ गई। इस बीच तैश में आकर उसके पति ने तमंचे से प्रज्ञा के मुंह में गोली मार दी। गोली लगते ही प्रज्ञा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। गोली मारने के बाद वह घर में जाकर बैठ गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने प्रज्ञा के पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज करते हुए पति सास एवं ससुर को गिरफ्तार कर लिया है।